April 30, 2025

चिकित्सा सेवा के महानिदेशक के पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला अधिकारी बनी साधना सक्सेना नायर…

0
WhatsApp Image 2024-08-01 at 3.18.59 PM

नई दिल्ली। लेफ्टिनेंट जनरल साधना सक्सेना नायर ने चिकित्सा सेवा (सेना) के महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया है। इस प्रतिष्ठित पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला अधिकारी बन गई हैं। लेफ्टिनेंट जनरल साधना सक्सेना ने इजरायली सेना के साथ रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु युद्ध में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। साथ ही उन्होंने स्पीज में स्विस सशस्त्र बलों के साथ सैन्य चिकित्सा नैतिकता में प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

वह एयर मार्शल के पद से प्रमोशन के बाद डीजी अस्पताल सेवा का पद संभालने वाली पहली महिला अधिकारी हैं। जनरल साधना सक्सेना भारतीय वायु सेना की पश्चिमी एयर कमान और प्रशिक्षण कमान की पहली महिला चीफ मेडिकल ऑफिसर भी रह चुकी हैं।


शैक्षणिक रिकॉर्ड

लेफ्टिनेंट जनरल नायर ने उत्कृष्ट शैक्षणिक रिकॉर्ड के साथ पुणे के सशस्त्र बल मेडिकल कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने दिसंबर 1985 में सेना चिकित्सा कोर में कमीशन प्राप्त किया। उन्होंने फैमिली मेडिसिन में पीजी किया है, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और स्वास्थ्य देखभाल प्रबंधन में डिप्लोमा के साथ में एम्स दिल्ली से मेडिकल इंफॉर्मेटिक्स में दो वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी पूरा किया है।

सेवा पदक सम्मान

लेफ्टिनेंट नायर को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति द्वारा एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, पश्चिमी वायु कमान और चीफ ऑफ द एयर स्टाफ प्रशंसा पत्र के साथ-साथ विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

कौन हैं साधना सक्सेना नायर?

साधना सक्सेना नायर देश की पहली महिला डीजी चिकित्सा सेवा (सेना) नियुक्त हुई हैं। वह एक अगस्त 2024 से महानिदेशक चिकित्सा सेवा (सेना) का पदभार संभाल रही हैं। इसके पहले भी उनके नाम कई क्षेत्रों में पहली महिला होने का रिकॉर्ड दर्ज है।

वायुसेना के एकमात्र एयर मार्शल दंपत्ति

साधना सक्सेना नायर के पति का नाम के.पी.नायर है जो कि सेवानिवृत्त एयर मार्शल हैं। नायर दंपत्ति भारतीय वायुसेना के पहले और अब तक के एकमात्र एयर मार्शल दंपत्ति हैं। साधना सक्सेना के परिवार की तीन पीढ़ियां भारतीय वायुसेना से जुड़ी हुई हैं, जो पिछले सात दशकों से सेना में अपनी सेवा दे रहे हैं।

विदेश में सीबीआरएम (केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एंड न्यूक्लियर) वारफेयर और मिलिट्री मेडिकल एथिक्स में ट्रेनिंग ली।

साधना सक्सेना नायर की उपलब्धियां

उनके नाम पश्चिमी वायु कमान और प्रशिक्षण कमान की पहली और एकमात्र महिला प्रधान चिकित्सा अधिकारी होने का गौरव प्राप्त हैं। साधना सक्सेना को राष्ट्रपति द्वारा विशिष्ट सेवा पदक से नवाजा जा चुका है। साधना सक्सेना नायर एयर मार्शल बनने वाली दूसरी महिला अधिकारी हैं। इसके पहले एयर मार्शल पद्मा बंदोपाध्याय इस पद पर रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इन्हें भी पढ़े