नेपाल गेम्स 2026 : श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय रायपुर के खिलाड़ी करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व…
नेपाल गेम्स 2026 कोच एवं इंडिया जनरल सेक्रेटरी अरशद हुसैन संभालेंगे भारतीय दल की कमान
रायपुर। नेपाल के पोखरा में 28 जून से 1 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले नेपाल इंटरनेशनल गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए छत्तीसगढ़ सहित देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और बुलंद हौसलों के साथ नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएंगे।
इस प्रतियोगिता के लिए महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा तथा दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों सहित देशभर से 100 से अधिक खिलाड़ियों का चयन किया गया है। सभी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के उद्देश्य से प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

छत्तीसगढ़ के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय, रायपुर के 13 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन भारतीय दल में हुआ है। विश्वविद्यालय से मोहम्मद अहसान, मनमोहन राय, यमन कुमार, अभय कौशिक, निशांत कौशल, अभिषेक मिश्रा, ईशु सिन्हा, महेंद्र ध्रुव, निखिल ध्रुव, गरिमा साहू, ऐश्वर्या दीवान, गीतांजलि चौधरी एवं शकुंती इक्का भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ी एथलेटिक्स, तीरंदाजी, मुक्केबाज़ी, बैडमिंटन, बॉडीबिल्डिंग, बास्केटबॉल, क्रिकेट, शतरंज, फुटबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, कराटे, किकबॉक्सिंग, खो-खो, कुंग फू, मिश्रित मार्शल आर्ट्स (एमएमए), मर्दानी खेल, मार्शल आर्ट्स, नेटबॉल, पेंचक सिलाट, रस्सीकूद, स्केटिंग, तैराकी, सिलम्बम, ताइक्वांडो, रस्साकशी, वॉलीबॉल, कुश्ती, भारोत्तोलन, वुशु तथा योग सहित अनेक खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही नृत्य एवं स्पेशल टैलेंट जैसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी भारतीय प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
भारतीय दल का नेतृत्व अनुभवी कोच एवं इंडिया जनरल सेक्रेटरी अरशद हुसैन करेंगे, जो खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ की ज्योति पाण्डेय को भारतीय टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएँ खेल मैदान के साथ-साथ टीम प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों में भी अपनी उत्कृष्ट क्षमता का परिचय दे रही हैं।
नेपाल रवाना होने से पूर्व खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत एवं अपने-अपने राज्यों का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने भारतीय दल को शुभकामनाएँ देते हुए अधिकाधिक पदक जीतकर तिरंगे की शान बढ़ाने की कामना की।
नेपाल इंटरनेशनल गेम्स 2026 भारतीय खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। अब पूरे देश की निगाहें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहाँ भारतीय खिलाड़ी पूरे जोश, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने के लिए मैदान में उतरेंगे।
