आईपीएल-2022: लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस के बीच आज मुकाबला, विनिंग टीम को मिलेगा प्लेऑफ का टिकट..
आईपीएल-2022 में आज अपने पहले सीजन में ही शानदार प्रदर्शन करने वाली गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम आमने-सामने होंगी तो उनकी निगाहें प्लेऑफ में जगह सुरक्षित करने पर टिकी रहेंगी। गुजरात की टीम लीग में अधिकतर समय टॉप पर रही थी लेकिन पिछले दो मैचों में बल्लेबाजों की नाकामी की वजह से हार झेलनी पड़ी। इससे उसकी जगह लखनऊ टॉप पर पहुंच गया है। इन दोनों टीमों के हालांकि समान 16 अंक हैं और इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम की प्लेऑफ में जगह पक्की हो जाएगी। ना केवल प्लेऑफ में बल्कि टॉप-2 में बने रहना भी निश्चित हो जाएगा। जिससे फाइनल के लिए राह और आसान हो जाएगा।
Read More:-छत्तीसगढ़ मौसम : आज चक्रवाती तूफान का दिखेगा असर, राजधानी में बारिश के साथ होगी उमस…
हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली गुजरात को पिछले सप्ताह पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस से हार मिली थी। दूसरी ओर लखनऊ ने अपने पिछले चार मैच जीते हैं। इनमें कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ पिछले मैच में 75 रन की जीत भी शामिल है जिससे लखनऊ की टीम बढ़े मनोबल के साथ मैदान पर उतरेगी। केएल राहुल ने लखनऊ का आगे बढ़कर नेतृत्व किया है। उन्होंने अब तक 11 मैचों में 451 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक और अर्धशतक शामिल हैं। लखनऊ की टीम बल्लेबाजी में उन पर काफी निर्भर है लेकिन हाल के मैचों में क्विंटन डि कॉक और दीपक हूडा ने अधिक जिम्मेदारी ली है जिससे राहुल का बोझ कम हुआ है। लखनऊ के गेंदबाज भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। पंजाब के खिलाफ जहां उन्होंने 153 रन का अच्छी तरह से बचाव किया वहीं केकेआर को 101 रन ही बनाने दिए थे। तेज गेंदबाज मोहसिन खान, क्रुणाल पंड्या और श्रीलंका के दुष्मंथा चमीरा ने किफायती गेंदबाजी की है। रवि बिश्नोई हालांकि पिछले मैच में थोड़े महंगे साबित हुए थे।

Read More:-जेईई मेंस: परीक्षाओं के लिए नये बोर्ड का गठन, सीबीएसई के चेयरमैन,आईआईटी,एनआईटी के अधिकारियों समेत कई राज्यों के प्रतिनिधि शामिल…
वहीं गुजरात को देंखे तो उसने मुश्किल परिस्थितियों में वापसी करके अपनी स्थिति मजबूत की। उसके अलग-अलग खिलाड़ियों ने अब तक मैच विजेता की भूमिका निभाई है। लेकिन, मुंबई के खिलाफ ऐसा नहीं हुआ जब वे आखिरी ओवर में नौ रन नहीं बना पाए थे। गुजरात के बल्लेबाजों को निरंतरता बनाए रखने की जरूरत है। उसके टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज लंबी पारियां नहीं खेल पा रहे हैं। शुभमान गिल चमक नहीं बिखेर पाए हैं लेकिन ऋद्धिमान साहा ने अपने इरादे अच्छी तरह से जताए हैं। हाल के मैचों में हार्दिक पंड्या, डेविड मिलर और राहुल तेवतिया भी नहीं चल पाए थे। उन्हें टूर्नामेंट के महत्वपूर्ण मोड़ पर पुरानी लय हासिल करनी होगी। गुजरात के पास मोहम्मद शमी, लॉकी फर्ग्युसन और राशिद खान के रूप में विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं। शमी हालांकि हाल में अपने रंग में नहीं दिखे। उन्हें भी लय में लौटने की आवश्यकता है।
Read More:-सरकारी नौकरी: डाक विभाग ने 38,926 पदों पर निकालीं भर्तियां, 10वीं पास भी कर सकते हैं आवेदन…
इस सीजन दोनों टीमों के बीच हुई पिछली भिड़ंत कांटे की रही थी। लखनऊ ने पावरप्ले में ही लगे चार झटकों के बाद अंजान आयुष बडोनी के 54 और दीपक हूडा के 55 रन से छह विकेट 158 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए हालांकि गुजरात की भी शुरुआत खराब रही। उसे आखिरी दो ओवर में जीत के लिए 20 रन चाहिए थे। आखिरी ओवर में जब 11 रन की दरकार थी तब तेवतिया ने अवेश खान की चौथी गेंद पर फोर लगाकर टीम को दो गेंद शेष जीत दिलाई थी।

