श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण…
कुम्हारी | शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोढ़ी एवं कपसदा के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के 80 विद्यार्थियों ने श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, कुम्हारी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फार्मेसी क्षेत्र के व्यावहारिक पहलुओं और करियर के नवीन अवसरों से रूबरू कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य प्रो. एस. प्रकाश राव के स्वागत भाषण के साथ हुआ। उन्होंने छात्रों को फार्मेसी शिक्षा के महत्व और संस्थान द्वारा प्रदान किए जाने वाले पाठ्यक्रमों की जानकारी दी।
इसके उपरांत मौसमी साहू ने छात्रों को फार्मेसी विषय के विविध आयामों, उज्ज्वल करियर संभावनाओं तथा शैक्षणिक प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

भ्रमण दल को संस्थान की यशस्वी वर्मा ने परिसर के महत्वपूर्ण हिस्सों जैसे उन्नत प्रयोगशालाओं, कक्षाओं, आधुनिक पुस्तकालय, शोध प्रयोगशाला और मशीन रूम आदि का अवलोकन कराया। उन्होंने प्रत्येक विभाग में उपलब्ध अत्याधुनिक उपकरणों, प्रयोगात्मक सुविधाओं तथा शैक्षणिक संसाधनों का परिचय दिया।

भ्रमण के समापन सत्र में छात्रों ने संस्थान के शिक्षकों से फार्मेसी पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और भविष्य में रोजगार के अवसरों पर गहन प्रश्न पूछे, जिनका शिक्षकों द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया।
प्राचार्य प्रो. एस. प्रकाश राव ने इस शैक्षणिक आदान-प्रदान को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई। इस एक दिवसीय भ्रमण से विद्यार्थी फार्मेसी क्षेत्र की व्यावहारिक जानकारी और नई दिशाओं से अवगत हुए।
