श्री रावतपुरा सरकार ग्रुप ऑफ इन्स्टीट्यूशंस झांसी में “खेलो भारत अभियान” के तहत खेलों का आयोजन

झांसी | श्री रावतपुरा सरकार ग्रुप ऑफ इन्स्टीट्यूशंस झांसी में “खेलो भारत अभियान” के तहत खेल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ रश्मि सेंगर (एनसीसी ऑफिसर, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी), डॉ गिरजा सिंह (फिजिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी एवं खेलो भारत अभियान झांसी की संचालक), और संस्थान के प्रबंधक डॉ सत्येंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ देव पूजन और राष्ट्रगान से हुआ, जिसके बाद मुख्य अतिथि डॉ रश्मि सेंगर ने अपने संबोधन में कहा, “खेल हमें न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि यह हमारी मानसिक स्थिति को भी मजबूत करते हैं। खेलों से हम निष्पक्ष, सहिष्णु और विनम्र बनते हैं, और यह हमें एक बेहतर मानव संसाधन के रूप में बदलते हैं।” विशिष्ट अतिथि डॉ गिरजा सिंह ने भी खेलों के महत्व पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए और छात्रों को खेलों के प्रति जागरूक किया।
संस्थान प्रबंधक डॉ सत्येंद्र प्रताप सिंह ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “खेलों का हमारे जीवन में अत्यधिक महत्व है, क्योंकि यह हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। बच्चों और युवाओं के लिए खेलों में रुचि बढ़ाना जरूरी है।”
कार्यक्रम के अंतर्गत खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के छात्रों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। छात्रों ने इन खेलों का भरपूर आनंद लिया और अपनी टीमों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आईटीआई संकाय के प्राचार्य अलंकार शुक्ला ने सभी का आभार व्यक्त किया और खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्फूर्तिवान और ऊर्जावान बनने के लिए प्रेरित किया। अंत में, कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, संस्थान स्टाफ और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया।
Photo Gallery