February 8, 2025

सबसे कम उम्र में एवरेस्ट की चोटी फतह करने वाली की भारतीय बनीं काम्या…

0

नई दिल्ली। काम्या कार्तिकेयन ने 16 वर्ष की उम्र में विश्व की सबसे ऊंची चोटी फतह कर ली है। इसी के साथ रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इतनी कम उम्र में ऐसा करने वाली पहली भारतीय और विश्व की दूसरी सबसे युवा लड़की बन गई हैं। काम्या के पिता नौसेना में कार्य करते हैं। अपने पिता नौसेना के कमांडर एस कार्तिकेयन के साथ उन्होंने 20 मई को एवरेस्ट की चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई पूरी की।

सातों शिखर फतह करने वाली सबसे युवा लड़की बनने की है कोशिश

इस सफलता को लेकर भारतीय नौसेना ने उन्हें बधाई दी है। वह मुंबई स्थित नेवी चिल्ड्रन स्कूल की छात्रा हैं। काम्या पर्वतारोहण में छह महत्वपूर्ण लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल रही हैं। सातों शिखर पर फतह हासिल करने वाली सबसे युवा लड़की का रिकॉर्ड बनाने के लिए वह दिसंबर में अंटार्कटिका में माउंट विंसन मैसिफ की चढ़ाई करेंगी।


6 सबसे ऊंची चोटियों पर कर चुकी हैं चढ़ाई​

पिता -पुत्री की इस जोड़ी ने 20 मई 2024 को नेपाल की ओर से माउंट एवरेस्ट (8849 मीटर) की चढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। काम्या ने सात महाद्वीपों में से छह सबसे ऊंची चोटियों पर चढ़ाई करने में सफलता पाई है। उनका लक्ष्य इस साल दिसंबर में अंटार्कटिका के माउंट विंसन मैसिफ पर चढ़ना है, ताकि वह सबसे कम उम्र में दुनिया की सात सबसे ऊंची चोटियों को फतेह कर चुनौती पूरा कर सकें।

2015 से शुरू किया सफर​

काम्या ने हिमालय में पर्वतारोहण की शुरुआत 2015 में सात साल की उम्र में चंद्रशीला चोटी (12,000 फीट) को फतह करने के साथ की। उन्होंने हर-की दून (13,500 फीट), केदारकांठा पीक (13,500 फीट) और रूपकुंड झील (16,400 फीट) जैसे स्थानों की कठिन चढ़ाई की। मई 2017 में नेपाल में एवरेस्ट आधार शिविर (17,600 फीट) तक की चढ़ाई की और यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी सबसे कम उम्र की लड़की बनीं। काम्या ने मई 2019 में भृगु झील (14,100 फीट) तक की चढ़ाई की और हिमाचल प्रदेश में सार दर्रे (13,850 फीट) को पार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इन्हें भी पढ़े