श्री रावतपुरा सरकार संस्थान, झांसी में गुरु पूर्णिमा पर गुरु पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन
झांसी।गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री रावतपुरा सरकार संस्थान, झांसी के मुख्य सभागार में श्रद्धा एवं भक्ति से ओतप्रोत गुरु पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परमपूज्य गुरुदेव संत शिरोमणि श्री रविशंकर जी महाराज “श्री रावतपुरा सरकार” जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर, तिलक एवं चंदन लगाकर श्रद्धालुओं ने गुरुदेव से जनकल्याण के आशीष की कामना की।

ज्ञातव्य है कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्री रावतपुरा सरकार देवस्थानम् (धाम) में विशाल स्तर पर गुरुपूजन महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें लाखों की संख्या में गुरुभक्तों ने उपस्थित होकर परमपूज्य गुरुदेव से विश्वकल्याण एवं सर्वमंगल की प्रार्थना की। इस आयोजन का सीधा प्रसारण चलचित्र के माध्यम से झांसी संस्थान में किया गया, जिसे समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने भावपूर्वक देखा एवं गुरुवाणी को श्रवण किया।

कार्यक्रम के उपरांत संस्थान प्रबंधक ने गुरुदेव को नमन करते हुए कहा, “शिष्य के व्यक्तित्व को संस्कार, सेवा और सत्य की भावना से गढ़ने वाले गुरुदेव, हमें अज्ञान से आत्मबोध और अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने में सक्षम हैं। ऐसे महान गुरुजनों को गुरु पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर बारंबार नमन करता हूँ एवं विश्वकल्याण व वैश्विक शांति की कामना करता हूँ।”

इस अवसर पर संस्थान के समस्त संकायों के छात्र-छात्रा, शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन की त्रिवेणी के रूप में सभी के हृदय में अमिट छाप छोड़ गया।

