बसंत पंचमी के अवसर पर श्री रावतपुरा सरकार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, झांसी में मां सरस्वती का भव्य पूजन…

झांसी | श्री रावतपुरा सरकार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, झांसी में आज बसंत पंचमी पर्व के शुभ अवसर पर विद्या, बुद्धि और ज्ञान की देवी मां सरस्वती का भव्य पूजन पूरे विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर संस्थान के समस्त शैक्षणिक एवं प्रशासनिक स्टाफ के साथ-साथ छात्र-छात्राओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शास्त्रोक्त विधि से मां सरस्वती के चित्र पर तिलक, चंदन और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात मंत्रोच्चारण और मां सरस्वती की आरती का आयोजन हुआ, जिसमें सभी उपस्थित जनों ने श्रद्धा से भाग लिया।
संस्थान के प्रबंधक डॉ. सत्येंद्र प्रताप सिंह ने अपने उद्बोधन की शुरुआत “सरस्वती नमस्तुभ्यं वरदे कामरूपिणी, विद्यारम्भं करिष्यामि सिद्धिर्भवतु में सदा” मंत्र के उच्चारण के साथ की। उन्होंने मां सरस्वती की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि उनकी कृपा दृष्टि से ही कालिदास जैसे मूर्ख भी महाज्ञानी और महाकवि बन जाते हैं। डॉ. सिंह ने सभी को विद्या, बुद्धि, ज्ञान, अक्षय यश और वैभव की प्राप्ति हेतु मां सरस्वती से करबद्ध प्रार्थना की और विद्यार्थियों को अपने सकारात्मक मनोरथों को सिद्ध करने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम में संस्थान में संचालित सभी पाठ्यक्रमों के शैक्षणिक स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट के कार्यकारी निदेशक श्री एस. एस. बजाज ने भी इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम के आयोजकों की सराहना की।