February 9, 2026

SRI: स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती पर नर्सिंग छात्रों ने लिया राष्ट्र सेवा का संकल्प…

0
ba3981f8-d960-4b18-9c6d-99a66e1c14c9

शहडोल । श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग शहडोल में स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस भव्य रूप से मनाया गया। इस दौरान संस्थान ने छात्र-छात्राओं में स्वामी विवेकानंद के विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, प्राचार्य एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा स्वामी विवेकानंद के प्रेरक जीवन प्रसंग साझा करते हुए किया गया। उन्होंने बताया कि कैसे स्वामी जी के आदर्श आज भी युवाओं के लिए प्रकाश-स्तंभ बने हुए हैं।

कार्यक्रम के तहत सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों, छात्राओं तथा स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व का संदेश दिया।

समापन सत्र में उपस्थित युवाओं ने राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया तथा स्वामी विवेकानंद के युवाओं के लिए दिए गए आह्वान “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” को अपने जीवन में उतारने का वचन दिया।

संस्थान के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एवं प्राचार्य ने कहा, “इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भावी नर्सिंग पेशेवरों के भीतर आत्मविश्वास, सेवाभाव और देशप्रेम की भावना जागृत करना है, जो स्वामी जी के दर्शन का मूल सार है।”

यह आयोजन युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला साबित हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *