डीएवी मुख्यमंत्री स्कूल में छात्रों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार कर मनाया राष्ट्रीय युवा दिवस…
भंवरमाल | डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, भंवरमाल में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक सूर्य नमस्कार का अभ्यास कर योग व स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

यह आयोजन तीसरी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से कक्षा तीसरी से पाँचवीं तक के छोटे बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

विद्यालय के प्राचार्य ज्ञानेन्द्र वाजपेयी ने बताया, “सूर्य नमस्कार को सभी आसनों का राजा माना जाता है। इसे नियमित रूप से करने से शरीर को अनेक लाभ मिलते हैं, क्योंकि इसमें सभी प्रमुख आसन सम्मिलित हो जाते हैं।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्कूल के सभी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ नियमित योगाभ्यास के माध्यम से उनके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना था। छात्रों ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार कर न सिर्फ एक स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया, बल्कि राष्ट्रीय युवा दिवस को सार्थक बनाया।
