SRU में बी.एड. छात्रों के लिए अंतर-कॉलेज शिक्षण योजना प्रतियोगिता संपन्न…
रायपुर | श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग एवं स्टरलाइट एड इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बी.एड. तृतीय सेमेस्टर के प्रशिक्षुओं के लिए एक अंतर-कॉलेज शिक्षण योजना (टीचिंग प्लान) प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य भावी शिक्षकों को नवीन, रचनात्मक एवं प्रभावी शिक्षण पद्धतियों के लिए प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत में, समन्वयक हिमांशु राजमाने एवं श्री यश घाटगे (एड इंडिया) ने फाउंडेशन के मिशन “Together, Let’s Inspire the Next Generation of Teachers” तथा प्रतियोगिता के स्वरूप के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

इस मौके पर उपस्थित संकाय अध्यक्ष प्रो. अभिषेक श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष डॉ. ईश्वर प्रसाद यदु, डॉ. प्रमोद कुमार राजपूत, डॉ. यशवंत सिंह एवं डॉ. जय नाथ यादव ने अपने विचार रखते हुए आधुनिक शिक्षा, नवाचार और उच्च गुणवत्ता वाली पाठ योजनाओं के महत्व पर जोर दिया।

तत्पश्चात आयोजित पाठ योजना प्रतियोगिता में प्रशिक्षुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में चयनित विजेताओं को रायपुर स्थित कोलंबिया कॉलेज ऑफ एजुकेशन में अपनी पाठ योजना प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रतिकुलाधिपति डॉ. शुभाशीष भट्टाचार्य, कुलपति डॉ. सौरभ चतुर्वेदी एवं कुलसचिव डॉ. कमल प्रधान ने इस पहल की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों को बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
यह आयोजन भावी शिक्षकों में रचनात्मक दृष्टिकोण, प्रस्तुति कौशल और समसामयिक शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
