March 15, 2026

रावतपुरा धाम में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन……

0
108a1db0-9e3b-4d9d-8bd0-2892fe6d49a5

रावतपुरा धाम। भारत सरकार एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संवर्धन हेतु “होलिस्टिक वेल-बीइंग कैंप” का आयोजन श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण धाम, रावतपुरा में किया गया। यह शिविर परम पूज्य महाराज श्री की पावन प्रेरणा एवं आशीर्वाद से आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण द्वारा आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में वृद्ध सेवा सदन के वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा परामर्श प्रदान किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति के तहत वरिष्ठजनों के कल्याण की दिशा में एक सार्थक पहल मानी जा रही है।

शिविर के सफल आयोजन में ट्रस्ट धाम से आश्रम के कार्यकारी निदेशक  सुदेश व्यास के कुशल मार्गदर्शन में  अनिल त्रिपाठी, वृद्ध सेवा सदन व्यवस्थापक  अनिल शर्मा एवं  धनीराम की सक्रिय सहभागिता रही। इनकी समन्वयात्मक भूमिका से शिविर सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. सरोज पाल बघेल, डॉ. माधवी कोल, डॉ. कृष्ण नारायण गुप्ता एवं डॉ. पंकज श्रीवास्तव उपस्थित रहे। इन विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों का सूक्ष्मता से स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

इस होलिस्टिक वेल-बीइंग कैंप में लगभग 70 से 80 वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने ब्लड प्रेशर, शुगर, हृदय रोग, जोड़ों के दर्द एवं अन्य वृद्धावस्था जनित बीमारियों की जांच कर उचित परामर्श दिया। साथ ही औषधियों एवं जीवनशैली में आवश्यक सुधार संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

शिविर में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने इस आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए परम पूज्य महाराज श्री एवं श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण प्रशासन का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से न केवल उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हो जाता है, वरन् मानसिक संबल भी मिलता है।

यह शिविर वरिष्ठजनों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ तथा उनके स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखने का संकल्प दोहराया गया, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *