February 9, 2026

देवभोग मिल्क प्लांट में श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय रायपुर विज्ञान संकाय के छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण…

0
DSC_3765

रायपुर। श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय, रायपुर के विज्ञान संकाय के 42 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के एक दल ने कुम्हारी स्थित देवभोग मिल्क प्लांट का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। यह प्लांट छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ (सीजीसीडीएफ) द्वारा संचालित है।

इस भ्रमण का प्रमुख उद्देश्य छात्रों को दुग्ध प्रसंस्करण उद्योग के बड़े पैमाने की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीकों और गुणवत्ता नियंत्रण के कड़े मानकों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था। दल को प्लांट के विभिन्न विभागों में भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्होंने दूध के संग्रहण, विभिन्न जांच, पाश्चुरीकरण, होमोजेनाइजेशन, चिलिंग से लेकर पैकेजिंग तक की संपूर्ण प्रक्रिया देखी।

छात्रों ने राज्य के 600 से अधिक सहकारी समितियों से एकत्र दूध की प्रारंभिक गुणवत्ता जांच से लेकर तैयार उत्पाद बनने तक के चरणों को समझा। उन्होंने ‘देवभोग’ ब्रांड के विविध उत्पाद लाइन्स जैसे श्रीखंड, पेड़ा, पनीर, टोंड व डबल टोंड दूध तथा लस्सी, मठा एवं फ्लेवर्ड मिल्क की इकाइयों का भी अवलोकन किया।

भ्रमण का विशेष आकर्षण गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला रही, जहाँ विशेषज्ञों ने फैट व एसएनएफ (सॉलिड नॉट फैट) जांच की प्रक्रिया का प्रायोगिक प्रदर्शन किया और एफएसएसएआई के राष्ट्रीय मानकों की विस्तृत जानकारी दी।

संकाय के सदस्यों ने बताया कि ऐसे औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं, क्योंकि इनसे उनका सैद्धांतिक ज्ञान व्यावहारिक अनुभव में परिवर्तित होता है और भविष्य के कैरियर के लिए दृष्टिकोण स्पष्ट होता है।

यह भ्रमण मीशा मार्टिन, डॉ. अद्वैत दास, डॉ. प्रशांत कुमार मित्रा एवं रमा कुर्रे द्वारा समन्वित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विज्ञान संकाय की डीन प्रो. अनुभूति कोषले एवं एप्लाइड साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. ए. के. सरकार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्रतिकुलाधिपति डॉ. शुभाशीष भट्टाचार्य, कुलपति डॉ. सौरभ चतुर्वेदी एवं कुलसचिव डॉ. कमल प्रधान ने छात्रों और शिक्षक दल को हार्दिक बधाई देते हुए इस शैक्षणिक पहल की सराहना की एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *