एलपीयू जालंधर में आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में श्री रावतपुरा सरकार इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी के छात्रों ने लहराया परचम…
जबलपुर | श्री रावतपुरा सरकार इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी, जबलपुर के छात्रों और संकाय सदस्यों ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), जालंधर में आयोजित एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शानदार प्रदर्शन किया।
सोसाइटी ऑफ फार्मास्यूटिकल रिसर्च (SPER) के तत्वावधान में 20 एवं 21 फरवरी को आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य विषय था “भविष्य के लिए तैयार फार्मा इकोसिस्टम का निर्माण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के माध्यम से”। इस वैश्विक आयोजन में देश-विदेश के विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं एवं शिक्षाविदों ने फार्मा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सतत विकास के एकीकरण पर मंथन किया।

इस सम्मेलन में श्री रावतपुरा सरकार इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी की टीम ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। संस्थान के निदेशक डॉ. रोहित साहू के कुशल मार्गदर्शन में यह टीम सम्मेलन में शामिल हुई, जिसमें संकाय सदस्य प्रिया बिसेन एवं शेफाली वर्मा ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

सम्मेलन के दौरान डॉ. रोहित साहू को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक और शोध योगदान के लिए “रिसोर्स पर्सन“ के रूप में सम्मानित किया गया।

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर आयोजित पोस्टर प्रस्तुति सत्र में रावतपुरा की प्रतिभा ने उड़ान भरी। तृतीय सेमेस्टर की छात्रा सृष्टि जैन ने अपने शोध कार्य और प्रस्तुति से सभी निर्णायकों को प्रभावित किया और प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया। सम्मेलन में भाग लेने वाले अन्य सभी छात्रों को भी उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इस शैक्षणिक भ्रमण का एक अभिन्न अंग सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी रहा। प्रतिभागियों ने नई दिल्ली और अमृतसर के प्रसिद्ध स्थलों का दौरा किया। विशेष रूप से वाघा बॉर्डर की यात्रा छात्रों के लिए अविस्मरणीय रही, जहाँ उन्होंने भारतीय सेना की वीरता और देशभक्ति की भावना को प्रत्यक्ष रूप से देखा और वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस सफल आयोजन के पीछे संस्थान के निदेशक डॉ. रोहित साहू का अटूट समर्पण और प्रेरणादायक मार्गदर्शन रहा। छात्रों ने उनके नेतृत्व में मिले इस यादगार अनुभव के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।

संस्थान के प्रशासन एवं शिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों, विशेषकर सृष्टि जैन को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहभागिता छात्रों के दृष्टिकोण को व्यापक बनाती है और उन्हें नवाचार एवं अनुसंधान के लिए प्रेरित करती है।
