श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन…
रायपुर | श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री रावतपुरा सरकार लोककल्याण ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी निदेशक विशाल गर्ग द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के साथ हुई। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने एक सुर में राष्ट्रगान गाकर देशभक्ति की भावना को प्रकट किया।


इस अवसर पर श्री रावतपुरा सरकार लोककल्याण ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी निदेशक विशाल गर्ग विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डॉ. शुभाशीष भट्टाचार्य, कुलपति डॉ. सौरभ चतुर्वेदी और कुलसचिव डॉ. कमल प्रधान शैक्षिक संकाय अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान कुलसचिव डॉ. कमल प्रधान ने अपने संबोधन में देश के संविधान और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का अधिकार देता है तथा यह दिन इन मूल्यों को बनाए रखने और देश की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा देता है।


कुलपति डॉ. सौरभ चतुर्वेदी ने कहा कि आज की स्वतंत्रता हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का परिणाम है। उन्होंने भारत को विश्वगुरु बनाने के लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प दोहराया।


प्रतिकुलाधिपति डॉ. शुभाशीष भट्टाचार्य ने शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को आत्मसात कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

श्री रावतपुरा सरकार लोककल्याण ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी निदेशक विशाल गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि आत्ममंथन का अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान ही नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला है। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।

