April 29, 2026

रामानुजगंज में डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल का वार्षिक उत्सव संपन्न…

0
9af6295c-4c8e-4725-aaf2-da16e324515c

रामानुजगंज। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित काला लरंग साये कम्युनिटी हॉल में रविवार को डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, भंवरमाल का भव्य वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कक्षा एलकेजी से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने विशेष थीम पर आधारित सांस्कृतिक, राष्ट्रीय, धार्मिक, लोक नृत्य एवं सोशल मीडिया के कुप्रभावों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम रामानुजगंज आनंद राम एवं 12वीं बटालियन के सहायक सेनानी लुइस कुजूर उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता कन्हैया लाल अग्रवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुकेश जायसवाल तथा थाना प्रभारी रामानुजगंज अजय साहू मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी दयानंद सरस्वती एवं महात्मा हंसराज की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात कक्षा 9वीं की छात्राओं द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत की गई। कक्षा 4 के विद्यार्थियों द्वारा छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित लोक नृत्य ने उपस्थित पालकों को झूमने पर विवश कर दिया। कक्षा 1 के छात्र-छात्राओं ने परिवार के महत्व को दर्शाती मनमोहक प्रस्तुति दी, वहीं कक्षा 11वीं की छात्राओं ने वेदों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कक्षा 8 के छात्रों द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत पिरामिड नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

 

इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्राचार्य ज्ञानेंद्र कुमार वाजपेई द्वारा प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय के 6 विद्यार्थियों का चयन डी.ए.वी. राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो 6 से 8 जनवरी तक हैदराबाद में आयोजित होगी। साथ ही विगत दो वर्षों में विद्यालय के विद्यार्थियों का जेईई एवं नीट परीक्षा में चयन होने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं के शुभ गुप्ता (95.2%), अभय गुप्ता (93.4%), हर्ष गुप्ता (92.6%), आयुषी दुबे (92%), आरव रवि (91.8%), आयुषी गुप्ता (89.2%) तथा कक्षा 12वीं की अपर्णा दुबे (86%) एवं पीयूष गुप्ता (74%) को सम्मान प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में जेईई मेन में चयनित अंकित द्विवेदी एवं आकाश गुप्ता, तथा नीट परीक्षा में चयनित इशिता आर्य बर्मन को सम्मानित किया गया। वहीं वर्ष 2024 में नीट परीक्षा में चयनित अर्पित सिंह एवं रोहित साह को भी पुरस्कृत किया गया।

समारोह के अंत में विभिन्न कक्षाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आधार पर कक्षा 10वीं को प्रथम, कक्षा 6वीं को द्वितीय एवं कक्षा 4वीं को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *