September 22, 2026

राज्यभर में कॉलेज विद्यार्थियों के लिए कविता–कहानी प्रतियोगिताओं की शुरुआत…

0
1765442267_0c46a9fe95ae621293d8

रायपुर। नवा रायपुर में अगले महीने प्रस्तावित रायपुर साहित्य उत्सव से पहले प्रदेशभर के सभी जिलों में महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए कहानी एवं कविता प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। जिला स्तर पर आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे तथा चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा। राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ कहानी और कविता का चयन कर उन्हें साहित्य उत्सव के मंच पर सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं। इच्छुक छात्र-छात्राएं अपनी स्वरचित, मौलिक एवं अप्रकाशित कविता या कहानी 30 दिसंबर 2025 तक संबंधित जिले के नोडल अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इस तारीख के बाद प्राप्त प्रविष्टियों को प्रतियोगिता में सम्मिलित नहीं किया जाएगा।

23 से 25 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले रायपुर साहित्य उत्सव का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना और युवाओं में साहित्य लेखन के प्रति रुचि बढ़ाना है।

प्रतियोगिता के पुरस्कार निम्नानुसार निर्धारित किए गए हैं—

  • जिला स्तर:
    • प्रथम पुरस्कार: ₹5,100
    • द्वितीय पुरस्कार: ₹3,100
    • तृतीय पुरस्कार: ₹1,500
    • तीन प्रोत्साहन पुरस्कार: ₹1,000-₹1,000
  • राज्य स्तर:
    • प्रथम पुरस्कार: ₹21,000
    • द्वितीय पुरस्कार: ₹11,000
    • तृतीय पुरस्कार: ₹7,000
    • तीन प्रोत्साहन पुरस्कार: ₹5,100-₹5,100

प्रतियोगिता हेतु कविता न्यूनतम 8 छंदों की और कहानी लगभग 1200 शब्दों की टंकित, मौलिक एवं अप्रकाशित होनी चाहिए। प्रतिभागी किसी महाविद्यालय/विश्वविद्यालय का विद्यार्थी हो तथा उसकी आयु 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। प्रविष्टि के साथ कॉलेज परिचय पत्र या प्राचार्य का प्रमाणपत्र अनिवार्य है।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम होगा। विजेताओं को जनवरी 2026 में घोषित किया जाएगा और उन्हें 23 से 25 जनवरी 2026 तक होने वाले रायपुर साहित्य उत्सव में सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कृत रचनाओं का संकलन प्रकाशित कर उत्सव के मंच से विमोचित किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *