हेल्थकेयर में AI का बढ़ता दायरा, SRU के फार्मेसी छात्र बन रहे टेक-सेवी प्रोफेशनल…
रायपुर – श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय के फार्मेसी संकाय द्वारा “एआई हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग फॉर हेल्थकेयर: टूल्स, टेक्निक्स एंड फ्यूचर एप्लीकेशंस” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को स्वास्थ्य क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग और नवीनतम रुझानों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत फार्मेसी संकाय के डीन प्रो. विजय कुमार सिंह द्वारा की गई। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धियों तथा फार्मेसी शिक्षा और प्रैक्टिस में एआई के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने आगामी शैक्षणिक सत्र में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) के पाठ्यक्रम में एआई को शामिल किए जाने की जानकारी दी और इसे भविष्य के फार्मेसी पेशेवरों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में एमिटी विश्वविद्यालय, रायपुर के मास मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. बिचित्रानंद पांडा उपस्थित रहे, जो ADiRA के लिए एआई ट्रेनर के रूप में भी कार्यरत हैं। डॉ. पांडा ने अपने व्याख्यान में आधुनिक स्वास्थ्य प्रणाली में एआई की परिवर्तनकारी भूमिका और विभिन्न क्षेत्रों में इसके भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी साझा की।

कार्यशाला का मुख्य फोकस सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुप्रयोग के बीच की दूरी को कम करना रहा। प्रतिभागियों ने हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लिया और विभिन्न एआई टूल्स तथा हेल्थकेयर एप्लीकेशंस के माध्यम से नई तकनीकों का अनुभव प्राप्त किया, जो भविष्य में चिकित्सा और फार्मेसी क्षेत्र को नई दिशा देंगे।

कार्यक्रम का समापन डॉ. रमेशरू केवट द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि, विश्वविद्यालय प्रशासन, आयोजन समिति एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. अमृत पुरोहित एवं कुलपति प्रो. सौरभ चतुर्वेदी ने कार्यशाला के सफल आयोजन पर शुभकामनाएं दीं तथा फार्मेसी संकाय की इस पहल की सराहना की।

