SRU: कला संकाय में गुरु घासीदास के विचारों पर परिसंवाद आयोजित…
रायपुर: गुरु घासीदास जयंती के उपलक्ष्य में श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी रायपुर के कला संकाय के इतिहास विभाग द्वारा ‘गुरु घासीदास का सामाजिक दर्शन’ विषय पर एक परिसंवाद का आयोजन किया गया। संकाय के सभी विभागों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों ने संत गुरु घासीदास के जीवन, विचारधारा और समकालीन प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे।

इतिहास विभाग के अध्यक्ष शिशिर चंद्र छत्तार ने गुरु घासीदास के सामाजिक न्याय, समता और मानवीय मूल्यों के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार गुरुजी ने समाज में फैली कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाकर मानव उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया।

प्रोफेसर मनीष कुमार पांडे ने गुरु घासीदास के दर्शन को आज के समाज से जोड़ते हुए कहा कि उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। डॉ. सुशांत कुमार पांडे ने भारतीय दर्शन में गुरु घासीदास के योगदान को रेखांकित किया।

सामाजिक कार्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार गौतम ने गुरु घासीदास के सामाजिक आंदोलन और कुरीतियों के उन्मूलन के प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की। समाजशास्त्र विभाग की डॉ. अर्चना तुपट ने काव्यपाठ के माध्यम से गुरु घासीदास के आदर्शों को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में हिंदी विभाग की डॉ. पायल, डॉ. आशीष तिवारी, मनोविज्ञान विभाग की डॉ. चित्रा पांडे, अर्थशास्त्र विभाग के डॉ. पुष्प भारती, अंग्रेजी विभाग के डॉ. वकील कुमार यादव एवं डॉ. शेफाली जैन सहित संकाय के समस्त विभागों के शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष तिवारी ने किया।
