‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संकल्प के साथ श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय खेल आयोजन संपन्न…
रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय, रायपुर में “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” के संदेश के साथ तीन दिवसीय खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों में खेल भावना, फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के लगभग 320 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान वॉलीबॉल, कैरम, शतरंज सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही प्रतिभागियों के उत्साह और मनोरंजन के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्रों एवं विश्वविद्यालय स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता में कुल छह विभागीय टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद शारीरिक शिक्षा विभाग ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि शिक्षा विभाग उपविजेता रहा।
कैरम पुरुष प्रतियोगिता में कुल 45 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में शारीरिक शिक्षा विभाग के केवल साहू विजेता रहे, जबकि कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रदीप ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। वहीं कैरम महिला प्रतियोगिता में शारीरिक शिक्षा विभाग की गरिमा विजेता रहीं और विज्ञान विभाग की मुस्कान उपविजेता रहीं।

शतरंज महिला प्रतियोगिता में फार्मेसी विभाग की दिव्या राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शारीरिक शिक्षा विभाग की युवांशी उपविजेता रहीं। शतरंज पुरुष प्रतियोगिता में इंजीनियरिंग विभाग के हर्षित द्विवेदी विजेता बने और फार्मेसी विभाग के जिगर ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्रों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भारतीय खेल जगत में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन अनुशासन, समर्पण, निरंतर अभ्यास और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल गर्ग, ग्रुप डायरेक्टर डॉ. कमल कुमार प्रधान, प्रति-कुलाधिपति प्रो. सत्य प्रकाश दुबे, कुलपति प्रो. सौरभ चतुर्वेदी, कुलसचिव डॉ. अमृत अनिल राव पुरोहित, डीन एकेडमिक्स प्रो. मनीष उपाध्याय एवं स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. सुमित तिवारी सहित विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय आयोजन के समापन पर विश्वविद्यालय परिवार ने “स्वस्थ युवा–सशक्त भारत” के संकल्प को दोहराते हुए छात्रों एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से खेल और शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। यह आयोजन खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और टीम भावना को प्रोत्साहित करने वाला सफल आयोजन रहा।
