शिक्षा विभाग की 9 टीमें लगी जांच में, तय राशि से ज्यादा फीस लेने सहित शिक्षण सुविधाओं की हो रही जांच…
रायपुर | जिले के निजी स्कूलों द्वारा विद्यार्थियों के पालकों से तय राशि से ज्यादा फीस लेने और स्कूलों में अध्ययन-अध्यापन की सुविधाओं में कमी की सूचना को कलेक्टर सौरभ कुमार ने गंभीरता से लिया है। कलेक्टर ने सभी निजी विद्यालयों की जांच के निर्देंश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए है। जिला शिक्षा अधिकारी ने निजी विद्यालयों की जांच के लिए 9 जांच दल बनाये है। इन जांच दलों ने पिछले तीन दिनों में ही जिले के 30 निजी स्कूलों में दबिश देकर वहां उपलब्ध सुविधाओं सहित पालकों से ली जा रही फीस आदि की पूरी जानकारी ली है। जांच दल की रिपोर्ट पर जिला शिक्षा अधिकारी ने पिछले तीन दिनों में 14 निजी स्कूलों को नोटिस जारी कर जरूरी दस्तावेजों के साथ कार्यालय में तलब किया है।
Read More :- यूजीसी : अब कर सकते है एक साथ दो कोर्स,जानिए क्या है गाइडलाइन…
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 5 जिला स्तरीय और 4 विकासखण्ड स्तरीय जांच दल बनाये है। निजी स्कूलों के औचक निरीक्षण के दौरान गणवेश, पुस्तक-कॉपी आदि की खरीदी के संबंध में जानकारी ली गई है। स्कूलों द्वारा निर्धारित फीस, उसका फीस नियामक समिति द्वारा अनुमोदन, 8 प्रतिशत की सीमा में बढ़ोत्तरी की भी प्रमुखता से जांच की जा रही है। इसके साथ ही शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत पढ़ने वाले बच्चों की उपस्थिति, स्कूलों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, अध्यापन कक्षों की उपलब्धता, शिक्षकों की उपस्थिति, कोविड टीकाकरण आदि की भी जांच दलों द्वारा गंभीरता से की जा रही है। अपने निरीक्षण के दौरान निजी विद्यालयों को शासकीय मान्यता संबंधी दस्तावेज की भी जांच की जा रही है।

