श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में आईवीएफ एवं एंड्रोलॉजी पर विशेष सत्र का आयोजन…
रायपुर। श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय, रायपुर के विज्ञान संकाय में आधुनिक प्रजनन विज्ञान पर आधारित एक दिवसीय हैंड्स-ऑन कार्यशाला का आयोजन किया गया। विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यशाला का विषय “आईवीएफ, एंड्रोलॉजी एवं सीमेन एनालिसिस” रहा। इसका उद्देश्य छात्रों को सहायक प्रजनन तकनीकों (ART) के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना तथा प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

यह कार्यशाला 10 फरवरी 2026 को आयोजित की गई, जिसे कंसीव रिसर्च एंड एआरटी बैंक, रायपुर द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम को श्री रावतपुरा सरकार लोककल्याण ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी निदेशक विशाल गर्ग, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. सौरभ चतुर्वेदी एवं कुलसचिव डॉ. कमल प्रधान का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता प्रो. अनुभूति कोसले एवं जीवन विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र कुमार गौतम द्वारा किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में कंसीव रिसर्च एंड एआरटी बैंक, रायपुर के एम्ब्रायोलॉजिस्ट डॉ. प्रीतम चटर्जी ने विद्यार्थियों को आईवीएफ प्रक्रिया, एंड्रोलॉजी तथा सीमेन एनालिसिस से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान की।

कार्यशाला को तीन तकनीकी सत्रों में विभाजित किया गया। प्रथम सत्र में आईवीएफ प्रक्रिया के विभिन्न चरण, एम्ब्रायोलॉजी प्रयोगशाला की भूमिका, नैतिक पहलू एवं सफलता दर पर प्रकाश डाला गया। द्वितीय सत्र में पुरुष प्रजनन तंत्र, पुरुष बांझपन के कारण, निदान में एंड्रोलॉजी की भूमिका तथा जीवनशैली के प्रभाव पर चर्चा की गई। तृतीय सत्र में सीमेन नमूनों के संग्रह, सुरक्षित संभाल एवं मानक परीक्षण प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
विज्ञान संकाय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्रों सहित प्राध्यापकगण ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। छात्रों ने विशेषज्ञ से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

डॉ. सुरेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं छात्रों को उद्योग एवं शोध की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में सहायक सिद्ध होती हैं।
कार्यक्रम छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। विश्वविद्यालय की यह पहल चिकित्सा विज्ञान एवं जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
