April 28, 2026

श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय द्वारा स्टूडेंट्स टैलेंट फेस्ट का सफल आयोजन…

0
04

रायपुर। श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा मैग्नेटो मॉल के सहयोग से स्टूडेंट्स टैलेंट फेस्ट का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को उनकी रचनात्मकता, नवाचार और प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना रहा।

इस टैलेंट फेस्ट में कुल 52 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नृत्य, गायन, विज्ञान मॉडल प्रस्तुति एवं चित्रकला जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। एमजीएम, आर.डी. तिवारी, शहीद स्मारक, होली फैमिली सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता की। स्पॉट पंजीकरण के माध्यम से भी छात्रों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जिससे आयोजन को व्यापक सराहना प्राप्त हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सौरभ चतुर्वेदी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बदलते रोजगार परिदृश्य में कौशल आधारित शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। छात्रों का सर्वांगीण विकास ही उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने छात्रों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग के प्रमुख साइमन जॉर्ज , सीमा मैथ्यू तथा मार्केटिंग विभाग के मार्केटिंग हेड नर नारायण चन्द्र की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। उपस्थित छात्रों, अभिभावकों एवं दर्शकों ने इस पहल की प्रशंसा की। सभी ने श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय द्वारा युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की इस सराहनीय पहल की सराहना की। यह आयोजन रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सर्वांगीण विकास का उत्सव बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *