SRU : महिला दिवस पर गूगल डेवलपर ग्रुप ने छात्रों को डिजिटल स्किल्स अपनाने का दिया संदेश…
रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टेक समिट “She Codes the Future” का आयोजन किया गया। गूगल डेवलपर ग्रुप रायपुर और एनईओ टेक डेवलपर क्लब, एसआरयू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सौरभ चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा, “महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण केवल एक दिन के उत्सव तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे हमारे समाज और दैनिक जीवन की संस्कृति का अभिन्न अंग बनाना होगा। ‘She Codes the Future’ जैसे आयोजन इस दिशा में एक सार्थक प्रयास हैं।”

समिट में गूगल डेवलपर ग्रुप रायपुर के आयोजक कुलदीप पिस्दा ने तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इच्छुक छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने गूगल डेवलपर ग्रुप जैसे प्लेटफॉर्म की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि ये समुदाय डेवलपर्स को नवीनतम तकनीकों को सीखने और एक मजबूत नेटवर्क बनाने में सहायता करते हैं, विशेष रूप से महिलाओं के लिए यह मंच तकनीकी जगत में अपनी पहचान बनाने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करता है।

कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रही तकनीक और विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विशेषज्ञों की सराहना। निकिता मौर्य, आभा सुंतवाल, अमृता मिश्रा और प्रो. अनुभूति कोशले को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए “Empowered Women in Tech and Science” सम्मान से अलंकृत किया गया।

इसके अतिरिक्त, NEO Tech Developer Club के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने नवाचारी विचारों से सबको प्रभावित किया। प्रतियोगिता में “HypothAi” प्रोजेक्ट के लिए खुशबू देवांगन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान “Kidsphere” प्रोजेक्ट को मिला, जिसे घनश्याम देवांगन, रौनक तिवारी, विनीत साहू और हर्षिता विश्वकर्मा ने तैयार किया। वहीं तृतीय स्थान “Sarthi” प्रोजेक्ट को मिला, जिसे अंश कुमार राठौर, दिली बॉबडी शर्मा, मेघराज साहू और अक्षय कुमार ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर छात्रों के लिए एक विशेष पैनल चर्चा का भी आयोजन किया गया, जिसमें वैश्विक तकनीकी रुझानों और उभरते अवसरों पर गहन मंथन किया गया। वहीं, साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग और कैरियर मार्गदर्शन जैसे विषयों पर आयोजित तकनीकी सत्रों ने छात्रों को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं से अवगत कराया।

विश्वविद्यालय के लोक कल्याण ट्रस्ट के सीईओ श्री विशाल गर्ग ने कहा, ” ‘She Codes the Future’ केवल एक नारा नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को तकनीकी क्षेत्र में अग्रणी बनाने का हमारा संकल्प है।” विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. कमल कुमार प्रधान ने भी इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि GDG जैसे वैश्विक समुदायों के साथ साझेदारी से हमारे छात्रों के लिए सीखने और विकास के नए द्वार खुलते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. रानू पांडे का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में डीन ऑफ इंजीनियरिंग डॉ. अजय गुप्ता ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इस भव्य समिट का समापन प्रमाण पत्र वितरण किया गया।

