April 23, 2026

SRI: शिक्षा को राष्ट्रसेवा का माध्यम बताने वाले महामना मालवीय को संस्थान ने किया नमन

0
1849ca25-3fa4-458a-97de-5009fca12021

सागर | श्री रावतपुरा सरकार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस सागर परिसर में भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की जयंती के पावन अवसर पर एक श्रद्धा एवं सम्मान सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महामना जी के चित्र पर पुष्प माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें संस्थान के अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

संस्थान के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप तिवारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मालवीय जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महामना जी ने अपनी असाधारण बुद्धिमत्ता, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदृष्टि के बल पर शिक्षा को राष्ट्र सेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सत्य, सेवा, अनुशासन और शिक्षा को अपनाकर सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी।

शिक्षा विभाग की प्राचार्या डॉ. सीमा सिंह ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बी.एच.यू.) की स्थापना से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा किए। उन्होंने बताया कि किस तरह मालवीय जी ने अनेक संघर्षों के बावजूद शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प साकार किया और विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

फार्मेसी विभाग की प्राचार्या डॉ. मिताली मिश्रा ने महामना जी द्वारा फार्मेसी शिक्षा एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की स्थापना में दिए गए योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मालवीय जी के सशक्त समर्थन से ही प्रोफेसर एम. एल. श्रॉफ ने भारत में विश्वविद्यालय स्तर पर फार्मेसी शिक्षा की नींव रखी। उन्होंने कहा कि आज फार्मेसी शिक्षा का देशभर में सशक्त स्वरूप मालवीय जी की दूरदर्शिता का ही परिणाम है।

संस्था के HR मैनेजर अखिलेश भार्गव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महामना मालवीय जी के विचारों और मूल्यों को अपनाना आज के युवाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिकता, अनुशासन और सेवा भाव को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।

इस कार्यक्रम के माध्यम से संस्थान ने महामना मदन मोहन मालवीय जी के शिक्षा, राष्ट्र सेवा और नैतिक मूल्यों से भरे जीवन दर्शन को याद किया और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *