SRU फार्मेसी छात्रों का बेंगलुरु शैक्षणिक भ्रमण, 30 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल…
रायपुर। श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय, रायपुर की फैकल्टी ऑफ़ फार्मेसी द्वारा बी. फार्मेसी एवं एम. फार्मेसी के विद्यार्थियों के लिए 16 दिसंबर 2025 से 24 दिसंबर 2025 तक रायपुर से बेंगलुरु तक औद्योगिक भ्रमण सह शैक्षणिक टूर का आयोजन किया गया है।
इस शैक्षणिक भ्रमण में फैकल्टी सदस्यों के साथ 30 से अधिक छात्र-छात्राएं सहभागिता कर रहे हैं। भ्रमण का प्रमुख शैक्षणिक आकर्षण बेंगलुरु में आयोजित इंडियन फार्मास्यूटिकल कांग्रेस (IPC) 2025 में विद्यार्थियों की सहभागिता है, जहां वे सक्रिय रूप से भाग लेकर अपने वैज्ञानिक पोस्टर प्रस्तुत करेंगे। इससे छात्रों को फार्मास्यूटिकल विज्ञान के नवीनतम शोध, नवाचारों एवं उभरते रुझानों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
शैक्षणिक सम्मेलन के साथ-साथ इस टूर के अंतर्गत बेंगलुरु एवं आसपास स्थित प्रमुख फार्मास्यूटिकल उद्योगों का भ्रमण भी शामिल है। उद्योग भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को दवा निर्माण प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, अनुसंधान एवं विकास तथा नियामक पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त होगी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कार्यकारी निदेशक डॉ. शुभाशीष भट्टाचार्य, कुलपति डॉ. सौरभ चतुर्वेदी, फैकल्टी ऑफ़ फार्मेसी के डीन प्रो. विजय कुमार सिंह एवं कुलसचिव डॉ. कमल प्रधान ने विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण छात्रों के अकादमिक ज्ञान को उद्योग से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी व्यावसायिक दक्षता व करियर तैयारी को मजबूत करते हैं।
