June 20, 2026

कौंदकेरा में अनुशासन और नेतृत्व की मिसाल बना स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर

0

रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव आज रायपुर जिले के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कौंदकेरा में आयोजित जिला स्तरीय स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर प्रशिक्षण शिविर ज्वाल ग्रेट कैंप फायर’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि सांस्कृतिक और शैक्षणिक रूप से समृद्ध कौंदकेरा में आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास की सजीव पाठशाला है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड एवं रोवर-रेंजर जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में टीमवर्क, चरित्र निर्माण, जिम्मेदारी और आत्मनिर्भरता जैसे गुण विकसित करती हैं।

शिविर में शामिल बच्चों के जोश और अनुशासन की सराहना करते हुए श्री यादव ने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती हैं। कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों को साइकिल का वितरण भी किया गया।

राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने कहा कि ‘ज्वाल ग्रेट कैंप फायर’ जैसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और सेवा भावना को मजबूत बनाते हैं। विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित कौशल और आत्मविश्वास को उन्होंने प्रेरणादायक बताया तथा सफल आयोजन हेतु शिक्षकों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को बधाई दी।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला आयुक्त  जगजीत सिंह धीर, जिला सचिव रोमन लाल साहू, जिला पंचायत सदस्य  नंदनी साहू, जनपद अध्यक्ष इंद्राणी साहू, राधिका यादव, हरिश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *